डीडवाना की गोकुलधाम कॉलोनी के निवासियों ने पानी की नई पाइपलाइन से अवैध छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तुरंत कार्रवाई की मांग की। कॉलोनी में पिछले 8 साल से पानी की समस्या थी। जलदाय विभाग ने हाल ही में नई पाइपलाइन डाली, जिससे 8 महीनों से पानी की सप्लाई ठीक चल रही थी। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि एक व्यक्ति बिना विभाग की अनुमति के पाइपलाइन से छेड़छाड़ कर नया कनेक्शन लेने की कोशिश कर रहा है। विरोध करने पर उसने झगड़ा करने का प्रयास किया। गलत बदलाव से ऊंचाई वाले घरों तक पानी नहीं पहुंचेगा और सप्लाई बिगड़ जाएगी। निवासियों ने कलेक्टर से अवैध छेड़छाड़ रोकने और जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में बिंदु देवी, मनोज अग्रवाल, रेखा, सुरेंद्र, वर्षा अग्रवाल, गोपाल सोनी और अन्नपूर्णा सहित कई कॉलोनीवासी शामिल थे।