डीडवाना के कापड़ोद गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो गायों की मौत हो गई। यह हादसा स्थानीय किसान चेनाराम बटेसर के खेत में हुआ। दोनों गायें खेत के अड़ाव में चर रही थीं, तभी बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत सरपंच रामपाल थालौड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित किसान से बात की और पशुधन के नुकसान पर दुख जताया। सरपंच ने तुरंत तहसीलदार को फोन पर सूचना दी। सरपंच थालौड़ ने क्षेत्रीय पटवारी को बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर मौका रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट तैयार होने के बाद किसान चेनाराम बटेसर को नियमानुसार राज्य सरकार के आपदा राहत प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। सरपंच ने पीड़ित किसान को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में प्रशासनिक स्तर पर हरसंभव सहायता दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। इस हादसे से किसान को आर्थिक नुकसान हुआ है।