डीडवाना-कुचामन जिले की 5 नगरीय निकायों में अध्यक्ष और सभापति पद के चुनाव की तस्वीर नाम वापसी के बाद साफ हो गई है। डीडवाना, बोरावड़ और कुचामन सिटी में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होगा। वहीं, मकराना में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी और एक निर्दलीय के बीच टक्कर है। लाडनूं में अध्यक्ष पद के लिए तीन महिला प्रत्याशी मैदान में हैं। डीडवाना में कांग्रेस के बाबू खान बेगाना और निर्दलीय भंवरलाल के बीच मुकाबला होगा। भाजपा ने निर्दलीय को समर्थन दिया है। बोरावड़ नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए नाम वापसी के आखिरी दिन तीन प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस लिए। इनमें कोमल, अंजू राठी और रविना शामिल थीं। रविना भाजपा से पार्षद चुनी गई थीं, जबकि कोमल और अंजू निर्दलीय थीं। अब यहां भाजपा की संजू देवी और कांग्रेस के मनफूल के बीच सीधा मुकाबला होगा। कुचामन सिटी नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नासिर रंगरेज ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके बाद अब कांग्रेस के आरिफ खान और भाजपा के महेश रामचंद्रका मैदान में बचे हैं। इन दोनों प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर होगी। मकराना नगर परिषद सभापति पद के लिए दो निर्दलीय प्रत्याशियों फारूक अहमद गौड़ और अब्दुल रहीम ने नाम वापस लिए। ये दोनों कांग्रेस से पार्षद चुने गए थे। नाम वापसी के बाद अब कांग्रेस के हाइब्रिड प्रत्याशी रियाज गौड़ और निर्दलीय प्रत्याशी हारून रशीद चौधरी के बीच सीधा मुकाबला होगा। लाडनूं नगर पालिका अध्यक्ष पद से निर्दलीय प्रत्याशी हसीना बानो ने अपना नामांकन वापस ले लिया। उनके नाम वापस लेने के बाद अब तीन प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। इनमें कांग्रेस की परवीन, भाजपा की निर्मला देवी जांगिड़ और निर्दलीय सुमन कंवर शामिल हैं। हसीना बानो के भाजपा के समर्थन में नाम वापस लेने की चर्चा भी है। अब अध्यक्ष पद के लिए तीनों महिला प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा।