डीडवाना-कुचामन जिले में पुलिस ने 4 घंटे की सघन नाकाबंदी की। एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चले इस अभियान में अवैध वाहनों, संदिग्ध लोगों और चीजों की जांच की गई। साथ ही, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 254 वाहन चालकों के चालान काटे गए। इनमें काली फिल्म लगे 54 वाहनों, बिना हेलमेट के 48, बिना सीट बेल्ट के 49 और वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले 6 चालकों पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा, बिना नंबर प्लेट या अस्पष्ट नंबर वाले 50 वाहनों के भी चालान किए गए। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 47 चालान बनाए गए। एएसपी डीडवाना हिमांशु शर्मा, कुचामन के विमल सिंह और परबतसर के भूपेंद्र शर्मा की देखरेख में यह अभियान चला। जिले के सभी वृत्ताधिकारी और थाना प्रभारियों ने इसे पूरा किया। पुलिस टीमों ने मुख्य सड़कों, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के साथ शहरी और ग्रामीण इलाकों में नाके लगाए। वाहनों की जांच के लिए मोबाइल टीमें और लगातार गश्त भी की गई।