डीडवाना के जीवन ज्योति सेवा संस्थान में मानसिक स्वास्थ्य जांच और जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें संस्थान में रह रहे 40 लोगों के स्वास्थ्य और मानसिक स्वास्थ्य की जांच की गई। यह कार्यक्रम चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी कई बातें बताईं। उन्होंने नियमित जांच और सही इलाज के महत्व पर जोर दिया। इसके साथ ही नशा मुक्ति के लिए भी एक खास जागरूकता सत्र रखा गया। जागरूकता सत्र में बताया गया कि नशे से शरीर और दिमाग पर कितना बुरा असर पड़ता है। लोगों को नशे से दूर रहने और अच्छी जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई। नशे के दुष्प्रभाव गिनाए इस मौके पर मनोचिकित्सक डॉ. प्रियंका रूहेला, नर्सिंग ऑफिसर गिरधर वर्मा और विशाल ठोलिया मौजूद रहे। संस्थान के संस्थापक रवि प्रकाश शर्मा, स्पेशल टीचर हीरा सिंह और व्यवस्थापक संतोष कुमार शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का मकसद संस्थान के लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर नजर रखना और उन्हें मानसिक स्वास्थ्य व नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना था।