डीडवाना के ग्राम सेवा-नाथूसर में वीर शिरोमणी राव अमर सिंह राठौड़ स्मृति संस्थान ने निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया। इसमें जयपुर के एसएमएस अस्पताल सहित इलाके के अनुभवी डॉक्टरों ने मरीजों की जांच की और उन्हें जरूरत के हिसाब से दवाइयां बांटीं। शिविर में जयपुर एसएमएस अस्पताल से कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जन डॉ. संदीप महला, जॉइंट रिप्लेसमेंट एवं आर्थ्रोस्कोपी सर्जन डॉ. जीवन चौधरी और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मुन्नी महला मौजूद थे। इनके अलावा अजंता ऑप्टिकल डीडवाना के डॉ. राकेश जांगिड़ भी विशेषज्ञ डॉक्टरों में शामिल थे। सभी डॉक्टरों ने मरीजों की जांच की, उन्हें जरूरी सलाह दी और अन्य जांचें भी कीं। ग्राम सेवा-नाथूसर और आसपास के कई परिवारों ने इस शिविर का लाभ उठाया। ग्रामीणों ने इस आयोजन की तारीफ की और कहा कि गांव में ऐसा बड़ा चिकित्सा शिविर पहली बार लगा है। इस शिविर को सफल बनाने में समाजसेवी भंवर सिंह फौजी और पूजा स्कूल डीडवाना के निदेशक डॉ. बजरंग सिंह ने खास भूमिका निभाई। इनके अलावा रणवीर सिंह फौजी, गुलाब सिंह, ओमप्रकाश मालिंडा, बिशन सिंह, मोहनराम मेघवाल, नाथूसिंह और धर्मवीर सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने भी सहयोग किया। समाजसेवी भंवर सिंह फौजी ने बताया कि पिछले छह सालों में गांव के विकास की जो शुरुआत हुई है, उसे आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। इससे गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिल सकेंगी। भंवर सिंह फौजी ने यह भी बताया कि 22 से 28 सितंबर तक ग्राम सेवा-नाथूसर में एक प्राकृतिक चिकित्सा शिविर भी लगेगा। इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।