डीडवाना में राजस्थान पुलिस के 'साइबर सुरक्षित राजस्थान' अभियान के तहत पीलवा पुलिस थाने ने खुण्डियास मेले में श्रद्धालुओं और आम लोगों को साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक किया। डीडवाना-कुचामन के पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देश पर यह कार्यक्रम हुआ। पुलिसकर्मियों ने मेले में आए श्रद्धालुओं को डिजिटल ठगी से बचने के तरीके बताए। उन्हें OTP, UPI फ्रॉड, फर्जी लोन ऐप, फर्जी लिंक और ऑनलाइन लॉटरी जैसी साइबर ठगी के बारे में जानकारी दी गई। लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया। बाबा रामदेवजी के इस मेले में राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और गुजरात से भी श्रद्धालु आए थे। इसलिए पुलिस ने मेले में बड़े पैमाने पर साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। पोस्टर और संदेशों के जरिए लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, OTP या बैंक की गोपनीय जानकारी किसी से शेयर न करने और ऑनलाइन लेनदेन में सतर्क रहने को कहा गया। कार्यक्रम में सीएलजी सदस्यों, साइबर वॉलंटियर्स और श्रद्धालुओं को साइबर अपराधों से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि अगर वे साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो तुरंत पुलिस को बताएं। इसके साथ ही पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया। श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा करने, गाड़ी चलाते समय नियमों का पालन करने और सड़क पर सावधानी बरतने की जानकारी दी गई।