डीडवाना पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने शुक्रवार को डीडवाना थाना परिसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराध रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी निर्देश दिए। एसपी ने थाने के कामकाज, रिकॉर्ड और फाइलों के रखरखाव के साथ-साथ अलग-अलग आपराधिक मामलों की जांच की प्रगति की समीक्षा भी की। निरीक्षण के समय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, क्षेत्राधिकारी (CO) उमेश गुप्ता और थानाधिकारी मोहन सिंह समेत थाने का स्टाफ मौजूद था। एसपी ने कहा कि लंबित मामलों को सबसे पहले निपटाया जाए। उन्होंने वांछित और इनामी अपराधियों को पकड़ने के लिए खास योजना बनाकर लगातार दबिश देने के निर्देश भी दिए। एसपी ने BNS और BNSS के साथ-साथ लोकल और स्पेशल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए हाईवे पर गश्त बढ़ाने को कहा। साथ ही, नशे की सप्लाई से जुड़े संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए एसपी ने हेल्पलाइन 1930 और NCRP पर मिली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए लोगों में लगातार जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। एसपी ने बीट प्रणाली को और मजबूत करने, हिस्ट्रीशीटरों और संदिग्ध लोगों पर लगातार नजर रखने की हिदायत दी। उन्होंने थाना कार्यालय के रिकॉर्ड को भी नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा। इसके अलावा उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम लोगों के साथ संवेदनशीलता से पेश आने के निर्देश भी दिए। एसपी डॉ. शिवरान ने बताया कि अपराध समीक्षा का मकसद सिर्फ आंकड़ों की रिपोर्ट बनाना नहीं है। बल्कि हर मामले में ठोस कार्रवाई करके नतीजे देना है। उन्होंने साफ किया कि कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।