डीडवाना के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल की नौवीं कक्षा की छात्रा प्रियांशी भाटी ने राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में हुई 70वीं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता-2026 के 36 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ ही प्रियांशी का राष्ट्रीय स्तर के ट्रायल के लिए चयन हो गया है। उनकी इस कामयाबी से विद्यालय और पूरे इलाके का नाम रोशन हुआ है। प्रियांशी पिछले तीन साल से लगातार जिला स्तर पर स्वर्ण पदक जीत रही हैं। वह मारवाड़ स्पोर्ट्स एकेडमी के कराटे प्रशिक्षक अर्जुन सिंह से ट्रेनिंग ले रही हैं। प्रियांशी की इस उपलब्धि पर स्कूल परिवार, उनके परिजनों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई। सभी ने उन्हें बधाई दी और राष्ट्रीय स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।