डीडवाना की ग्राम पंचायत आगुन्ता में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर एक विशेष सम्मान समारोह हुआ। इसमें 100 साल की मतदाता गणेशी देवी पत्नी शेरा राम को सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर किया गया। डीडवाना एसडीएम राजवीर सिंह यादव ने गणेशी देवी को माला पहनाई और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्हें राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी शुभकामना पत्र भी दिया गया। एसडीएम ने लोकतंत्र में उनके योगदान की तारीफ की और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि शतायु मतदाता लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं। उनका लंबा लोकतांत्रिक अनुभव और मतदान के प्रति जागरूकता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। समारोह में एएलएमटी पंकज स्वामी, ग्राम पंचायत आगुन्ता के बूथ लेवल अधिकारी, ग्राम पंचायत स्टाफ और गणेशी देवी के परिजन व ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने उनके स्वस्थ और सुखमय जीवन की कामना की।