डीडवाना शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए नगर परिषद ने मंगलवार से 40 दिनों के लिए विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। जिसकी शुरुआत सिंघी सरोवर के पास सफाई से हुई, जहां विधायक यूनुस खान, सभापति भंवरलाल सहित नए पार्षदों ने फावड़ा-कुदाल लेकर श्रमदान किया। ‘मेरा घर, मेरी गली, मेरा मोहल्ला, मेरा वॉर्ड और मेरा शहर’ थीम पर चलने वाले अभियान में नगर परिषद की टीमों के साथ जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी भाग लेंगे। फावड़ा-कुदाल लेकर उतरे जनप्रतिनिधि अभियान के शुभारंभ पर विधायक यूनुस खान, सभापति भंवरलाल और नवनिर्वाचित पार्षदों ने खुद सफाई कार्य में हिस्सा लिया। सिंघी सरोवर के पास श्रमदान कर अभियान की शुरुआत की गई। नगर परिषद की टीमें अलग-अलग वार्डों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम करेंगी। 40 वार्डों में 40 दिन चलेगा अभियान नगर परिषद का यह अभियान शहर के सभी 40 वार्डों में 40 दिनों तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। इसमें स्थानीय लोगों को भी जोड़ा जाएगा, ताकि सफाई को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए नियमित आदत का हिस्सा बनाया जा सके। सफाई के साथ पौधरोपण भी अभियान के दौरान सफाई के साथ पौधरोपण भी किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक शहरवासी की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने वार्डवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की अपील की।