खोरा बीसल इलाके में साइड देने में देरी होने से नाराज थार सवार बदमाशों ने टैक्सी चालक की कार रुकवाकर उससे मारपीट की। एक ने तो चालक पर पिस्टल तान दी, जबकि अन्य ने डंडों से कार में तोड़फोड़ कर दी। करीब आधे घंटे तक हंगामा करने के बाद थार सवार आरोपी भाग गए। पीड़ित झोटवाड़ा निवासी रजत सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। रजत ने पुलिस को बताया कि वह टूर एंड ट्रैवल्स का काम करता है। रविवार रात करीब 12 बजे कालवाड़ रोड से मामा, उनके बेटे और भांजे को निवारू स्थित घर छोड़ने जा रहा था। नांगल पुलिया के पास पीछे से आ रही थार के चालक ने हॉर्न और डिपर देकर साइड मांगी। पुलिया पर जगह कम होने से रजत ने पुलिया पार करने के बाद साइड दी। इससे नाराज थार सवारों ने गाड़ी आगे लगाकर कार रुकवा ली। नीचे उतरते ही गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। एक ने पिस्टल निकालकर तान दी, जबकि साथियों ने डंडों से कार में तोड़फोड़ की। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।