करौली| राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) का दो दिवसीय जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन 18 और 19 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश सारस्वत ने बताया कि यह सम्मेलन भारत स्काउट एंड गाइड जिला मुख्यालय, चौबे पाड़ा करौली में आयोजित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी। इस दो दिवसीय शैक्षिक सम्मेलन में शिक्षा और शिक्षकों के हित से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी रामनिवास पाराशर ने बताया कि सम्मेलन में पुरानी पेंशन योजना (ओटीएस ) की विसंगतियों, टेट की अनिवार्यता से मुक्ति, शिक्षकों की वेतन विसंगतियों, तृतीय श्रेणी शिक्षकों की पदोन्नति जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मंथन कर मांग पत्र तैयार किया जाएगा। ​इस सम्मेलन में करौली जिले के सभी ब्लॉक से बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं और संघ के पदाधिकारी भाग लेंगे।