डूंगरपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पांथल गांव में एक खेत और मकान के आसपास से 2 हजार 505 हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 280 किलोग्राम और अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान खेत मालिक पुलिस को देखकर जंगल और पहाड़ी क्षेत्र की ओर भाग गया। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम बिछीवाड़ा थाने के सीआई देवेंद्र देवल ने बताया कि डीएसटी प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पांथल निवासी नरसी पिता दला ताबियाड अपने खेतों में अवैध रूप से गांजे की फसल उगा रहा है। सूचना के बाद डीएसटी और बिछीवाड़ा थाना पुलिस की टीम इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य जरूरी सामान लेकर मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागा आरोपी पुलिस टीम पांथल गांव पहुंची तो मुखबिर की सूचना के आधार पर बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति नजर आया। पुलिस को देखते ही वह मकान के पीछे घने जंगल और पहाड़ी इलाके की ओर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह जंगल और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पहचान नरसी पिता दला ताबियाड निवासी पांथल के रूप में की है। मकान के पास मिले गांजे के पौधे आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस टीम ने उसके मकान की जांच की। मकान के दाहिने हिस्से में गांजे के छोटे-बड़े हरे पौधे मिले। पुलिस ने पौधों को उखाड़कर खेत के एक कोने में इकट्ठा किया। इसके बाद मकान के नीचे स्थित खेत की भी तलाशी ली गई। कपास के बीच भी उगा रखी थी गांजे की फसल पुलिस को खेत में कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे उगे हुए मिले। टीम ने खेत में मौजूद सभी पौधों को उखाड़कर एक जगह इकट्ठा किया और उनकी गिनती की। पुलिस के अनुसार कुल 2,505 हरे गांजे के पौधे मिले। तीन थैलों में भरे पौधे, वजन 280 किलो जब्त किए गए पौधों को अलग-अलग प्लास्टिक के थैलों में भरकर वजन किया गया। तीन थैलों का वजन क्रमशः 130 किलो, 90 किलो और 60 किलो रहा। इस तरह गांजे के पौधों का कुल वजन 280 किलोग्राम निकला। पुलिस ने इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई है। आरोपी की तलाश शुरू पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी नरसी पिता दला ताबियाड की तलाश की जा रही है। कार्रवाई के संबंध में बिछीवाड़ा सीआई देवेंद्र देवल ने जानकारी दी।