डूंगरपुर के बिछीवाड़ा रीको इंडस्ट्रियल एरिया में एक टायर फैक्ट्री से निकलने वाले दूषित पानी और जहरीले धुएं से पर्यावरण को नुकसान होने की शिकायत को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिछीवाड़ा और स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिछीवाड़ा एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर फैक्ट्री को तुरंत बंद करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। खेतों की फसलों पर असर का आरोप प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में टायर जलाने से निकलने वाले जहरीले धुएं और वेस्ट के कारण आसपास का पर्यावरण प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि धुएं और केमिकल के कारण आसपास के खेतों की फसलें खराब हो रही हैं। वहीं, कुओं और बोरवेल के पानी के भी दूषित होने की आशंका जताई गई है। ग्रामीणों ने इससे स्वास्थ्य पर खतरा होने की बात कही। राज्यपाल और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिछीवाड़ा उपखंड अधिकारी को राज्यपाल और राजस्थान के मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में फैक्ट्री से जुड़े दस्तावेजों और अनुमति प्रक्रिया की जांच की मांग की गई। एनओसी और प्रदूषण नियमों की जांच की मांग ज्ञापन में फैक्ट्री की एनओसी, संचालन की अनुमति और प्रदूषण से जुड़े सभी नियमों की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की गई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जांच में कोई गड़बड़ी सामने आती है या शिकायत सही पाई जाती है, तो फैक्ट्री को तुरंत सील कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही ग्रामीणों के स्वास्थ्य और क्षेत्र के पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े सवालों का समाधान किया जाना जरूरी है।