डूंगरपुर में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की है। दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन के सांसदों के साथ पुलिस के दुर्व्यवहार के विरोध में जिलेभर में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लॉक स्तर पर यह विरोध प्रदर्शन हुए। डूंगरपुर जिला मुख्यालय के साथ-साथ सीमलवाड़ा, सागवाड़ा, बिछीवाड़ा और आसपुर सहित सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट हुए। डूंगरपुर जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष और विधायक गणेश घोघरा ने किया। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत हटाने और दिल्ली में सांसदों से अभद्रता करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। विधायक गणेश घोघरा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व और सांसद शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बल प्रयोग किया। उन्होंने चुनाव आयोग पर निष्पक्ष न रहने और लोकतंत्र पर असर डालने का आरोप भी लगाया।