डूंगरपुर की धंबोला थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 कार्टन अंग्रेजी शराब, 28 पव्वे और 44 बीयर बरामद की है। दोनों मामलों में पुलिस ने शराब के साथ वाहन भी जब्त किए हैं। आरोपियों से शराब की तस्करी को लेकर पूछताछ की जा रही है। घुवेड़ बस स्टैंड पर नाकाबंदी, बाइक सवार पकड़ा थानाधिकारी चंद्रशेखर ने बताया कि रात में एसआई मेघदीप सिंह टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बाइक पर अंग्रेजी शराब लेकर घुवेड़ की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घुवेड़ बस स्टैंड पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। बाइक सवार के आगे-पीछे रखे दो बैगों से अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब और 44 कैन बीयर बरामद हुई। दस्तावेज नहीं मिले तो शराब और बाइक जब्त पूछताछ में बाइक सवार ने अपना नाम हरिकेश पुत्र दशरथ पटेल (24) बताया। वह खामा, थाना हाथीगांव, जिला प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। शराब के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने शराब और बाइक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। स्कूटी मोड़कर भागने लगा, घेराबंदी कर दबोचा इसी तरह एसआई छत्तर सिंह टीम के साथ गश्त पर थे। मुखबिर की सूचना पर कोकपुर मोड़ पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक बिना नंबर की स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया तो वह स्कूटी मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। बैग और डिक्की से मिले शराब के पव्वे स्कूटी की तलाशी लेने पर बैग और डिक्की से अंग्रेजी शराब और देसी मदिरा के पव्वे बरामद हुए। आरोपी ने अपना नाम सागर पुत्र सुरेंद्र कुमार पटेल (19) बताया। वह भी हाथीगांव, जिला प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस ने शराब और स्कूटी जब्त कर सागर को गिरफ्तार कर लिया।