डूंगरपुर में सागवाड़ा थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 24 ग्राम गांजा और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार जब्त की है। सागवाड़ा थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि अवैध तस्करी की सूचना पर पुलिस टीम ने माही पुल चेक पोस्ट पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। नाकाबंदी के दौरान बांसवाड़ा नंबर की एक कार को रोका गया। ड्राइवर से पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें कार सवार युवक के पास से 24 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी शाहरुख खान (23) पुत्र अकबर खान, निवासी पातेला गरीब नवाज कॉलोनी, डूंगरपुर को गिरफ्तार कर लिया।