राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में डूंगरपुर की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार मेडल जीते। प्रतियोगिता में जिले की 26 बेटियों ने हिस्सा लिया था। इनमें जेनी मेहता ने गोल्ड, हिया भगोरा ने सिल्वर, जबकि अनाया मीणा और मुबारिका मिठाईवाला ने कांस्य पदक हासिल किया। जेनी मेहता और हिया भगोरा का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। गेपसागर की पाल पर हुआ सम्मान गुरुवार को गेपसागर की पाल पर नगर परिषद की ओर से विजेता बेटियों का सम्मान किया गया। हाथों में मेडल और चेहरे पर जीत की खुशी लिए पहुंचीं खिलाड़ियों का पूर्व सभापति एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता, सभापति सुशीला गुप्ता, उपसभापति अनिल पटेल, रामबोला मठ के महंत शिवशंकर दास सहित पार्षदों और नगर परिषद अधिकारियों ने स्वागत किया। ‘बेटियां सोना जीतकर आईं, शहर का असली सोना हमारी बेटियां’ इस दौरान केके गुप्ता ने बेटियों की पीठ थपथपाते हुए कहा, “बेटियां सोना जीतकर आई हैं, लेकिन शहर का असली सोना तो हमारी सभी बेटियां हैं। इन पर पूरे शहर को गर्व है।” उन्होंने कहा कि कराटे केवल खेल नहीं, बल्कि बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने और आत्मरक्षा के लिए सक्षम करने का माध्यम है। 2017 में शुरू हुई थी निशुल्क कराटे क्लास केके गुप्ता ने बताया कि 2017 में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत नगर परिषद के माध्यम से बेटियों के लिए निशुल्क कराटे क्लास शुरू की गई थी। उस समय 300 से अधिक बेटियों ने प्रशिक्षण लिया था। अब नगर परिषद ने एक बार फिर कराटे क्लास शुरू की है। महिला सशक्तीकरण को प्राथमिकता सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि महिला सशक्तीकरण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान बोर्ड की प्राथमिकताओं में हैं। पूर्व सभापति के कार्यकाल में शुरू किए गए नवाचारों को फिर गति दी जाएगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार होंगी जेनी और हिया कराटे प्रशिक्षक विपिन सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में डूंगरपुर की 26 बेटियों ने हिस्सा लिया था। जेनी मेहता और हिया भगोरा का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेटियों ने बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।