प्रदेश के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर और पूर्व सभापति के.के. गुप्ता ने बुधवार को डूंगरपुर नगर परिषद सभागार में नवनिर्वाचित पार्षदों की बैठक ली। इसमें शहर को स्वच्छ ओर सुंदर बनाने के लिए पार्षदों से सुझाव भी लिए। सभापति सुशीला गुप्ता की मौजूदगी में हुई बैठक में पार्षदों की ओर से दिए गए सुझावों पर काम करते हुए दीपावली से पहले शाहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का निर्णय लिया गया। वहीं, खिलाड़ियों की सुविधा के लिए वसुंधरा विहार कॉलोनी में विभिन्न खेलों के लिए कोर्ट तैयार करने का भी निर्णय लिया गया। नगर परिषद सभागार में आयोजित हुई बैठक में सबसे पहले स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता, सभापति सुशीला गुप्ता और उपसभापति अनिल पटेल ने नवनिर्वाचित पार्षदों का अभिनंदन किया। बैठक में गुप्ता ने शहर की खराब सड़कें, जगह जगह स्ट्रीट लाइट बंद होने ओर पार्कों की दुर्दशा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सपना है कि राजस्थान स्वच्छ और सुंदर बने। इसके लिए नगर परिषद के कार्मिकों और पार्षदों के साथ आमजन को भी सहयोग करना होगा। सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि सबसे पहले शहर की शान गेपसागर झील के सौंदर्यीकरण का काम शुरू होगा। वहीं, दीपावली से पहले शहर की सड़कों नालियों को दुरुस्त कर लिया जाएगा। सभापति सुशीला ने बताया कि पेड़ों की छटनी के लिए आधुनिक मशीन खरीद ओर बेसहारा मवेशियों को पकड़ने के लिए अलग से बजट रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं, स्वास्थ्य की दृष्टि से सभी वार्डों में फॉगिंग और नालियों की सफाई शुरू कर दी गई है। सभापति सुशीला ने कहा कि अब प्राइवेट कॉलोनाइजर द्वारा काटी गई कॉलोनी में नियमानुसार सुविधाएं पूरी नहीं करने पर उन भूखंडों के पट्टे नगर परिषद जारी नहीं करेगी। गंदगी फैलाने पर जुर्माना और गंदगी की सूचना देने वाले को नकद पुरस्कार देने की योजना भी जल्द शुरू की जाएगी।