डूंगरपुर पुलिस ने अपराधियों पर लगाम कसने के लिए जिलेभर में एक खास एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस की 40 टीमों ने एक साथ 317 जगहों पर छापेमारी की। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि इसमें 185 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। इस कार्रवाई के दौरान अलग-अलग आपराधिक मामलों में कुल 102 आरोपियों को पकड़ा गया। जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अलग-अलग टीमें बनाईं। इन टीमों ने फरार चल रहे आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में शामिल 8 आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने स्थायी वारंटी और घोषित अपराधियों पर भी कार्रवाई की। ऐसे मामलों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा सामान्य मामलों में फरार 5 आरोपियों को भी पकड़ा गया। गंभीर अपराधों में कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान 39 हार्डकोर और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की भी जांच की गई। इनमें से चालान किए गए 13 आरोपियों को पाबंद किया गया। वहीं, फरार चल रहे 63 आरोपियों को भी पकड़ा गया। पुलिस की इस एक साथ हुई छापेमारी और कार्रवाई से आरोपियों और बदमाशों में फिर से हड़कंप मच गया।