डूंगरपुर के दोवड़ा तहसील के रत्नावाड़ा गांव में श्मशान घाट के पुराने रास्ते को रोकने का आरोप है। ग्रामीणों ने एक व्यक्ति पर रास्ते की जमीन को अपनी खातेदारी बताकर आवाजाही रोकने का आरोप लगाया है। उन्होंने कलेक्टर से कार्रवाई की मांग की है। बुधवार को रत्नावाड़ा गांव के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि श्मशान घाट तक जाने के लिए यह रास्ता कई सालों से इस्तेमाल हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार 25 सितंबर को एक महिला के निधन के बाद अंतिम संस्कार के दौरान रास्ते को लेकर विवाद हुआ। सरपंच और पटवारी को मौके पर बुलाया गया। राजस्व रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि जमीन दूसरे खातेदारों के नाम दर्ज है, जिसमें आरोपी का नाम नहीं। ग्रामीणों ने 29 सितंबर को दोवड़ा थाने में भी सूचना दी थी। 30 सितंबर को पुलिस पहुंची, पर विवाद का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से राजस्व रिकॉर्ड की जांच, अतिक्रमण हटाने और श्मशान घाट का रास्ता खुलवाने की मांग की है।