शहर के डूंगरपुर मार्ग पर शनिवार शाम को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां कोको पेट्रोल पंप के सामने दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के दौरान मौके पर जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई और दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और परिजनों की मदद से तुरंत एम्बुलेंस के जरिए महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल पहुंचाया। ​हादसे में यतार्थ पुत्र आशीष उम्र 18 साल निवासी श्यामपुरा कॉलोनी, को सिर और शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। एमजी अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ने और गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरे घायल गौतम पुत्र कचरू उम्र 45 साल निवासी बांसफोड़ कॉलोनी को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर स्थिति को स्थिर बताया और वार्ड में भर्ती किया। युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जो टूटकर सिर में लग गया। ​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क के बीचों-बीच पड़े दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड में करवाकर यातायात को सुचारू करवाया।