डूंगरपुर में बेटे ने मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी अपनी पत्नी के छोड़कर चले जाने से नाराज चल रहा था। युवक की लव मैरिज हुई थी। घटना दोवड़ा इलाके के भोजातो का ओडा गांव में मंगलवार की है। पिता ने बुधवार को बेटे पर हत्या का केस दर्ज करवाया। एसआई नारायणलाल मईड़ा ने बताया कि सुखी ननोमा (58) की पवन (27) ने हत्या कर दी। महिला के पति वालेंग ननोमा ने बताया कि उसके 2 बेटे और 3 बेटियां हैं। तीनों बेटियों की शादी हो गई है। बड़े बेटे पवन ने 6 साल पहले कैलाशी नाम की लड़की से लव मैरिज की थी। एक साल बाद दोनों के बेटा हुआ। इसके बाद कैलाशी बेटे को छोड़कर चली गई। इसी बात को लेकर पवन अपनी मां और पिता से आए दिन झगड़ा करता था। चाय बना रही थी मां, बेटे ने मार डाला सुखी ननोमा घर में चाय बना रही थी। पत्नी के छोड़कर चले जाने को लेकर पवन मां से झगड़ा करने लगा। पवन ने चाय का बर्तन उठाकर फेंक दिया और फिर भागने लगा। इस पर सुखी उसे डांटते हुए उसके पीछे भागी तो गुस्से में आकर पवन ने घर ने रखी लाठी लेकर मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे सुखी लहूलुहान होकर वही ढेर हो गई। हत्या के बाद भाग गया आरोपी बेटा वारदात के बाद आरोपी पवन मौके से भाग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची ओर घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है।