डूंगरपुर शहर में बदमाशों ने एक दूध डेयरी बूथ को निशाना बनाया है। चोर यहां से करीब 10 हजार रुपए नकद और हजारों का सामान चुरा ले गए। यह घटना वीकेबी गर्ल्स कॉलेज के पास हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीकेबी गर्ल्स कॉलेज रोड पर स्थित इस बूथ में रविवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की। चोरों ने बूथ का ताला तोड़ा और अंदर रखे कैश व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। बूथ मालिक भरतलाल भावसार रविवार शाम दुकान बंद कर घर गए थे। सोमवार सुबह जब वह दुकान पहुंचे, तो ताला टूटा और सामान बिखरा मिला। गल्ले से नकदी गायब थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को देखा। पुलिस ने भरतलाल भावसार की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया है। अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच कर चोरों की तलाश कर रही है।