विश्व हिन्दू परिषद और दुर्गावाहिनी ने रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर गुरुवार को सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधकर यह पर्व मनाया। इस अवसर पर दुर्गावाहिनी की कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों और पुलिस जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे। उन्होंने राष्ट्र एवं समाज की रक्षा का संकल्प भी लिया। यह कार्यक्रम विश्व हिन्दू परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ता रामनिवास प्रजापत और रामकिशोर मुंडेल के सान्निध्य में संपन्न हुआ। परिषद के दामोदर प्रजापत ने बताया कि इसमें दुर्गावाहिनी की प्रियंका उपाध्याय, परि प्रजापत, योगिता चंदेल, नव्या सोनी और रचना व्यास सहित परिषद एवं दुर्गावाहिनी के अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी रजत कुमार चौधरी, तहसीलदार डॉ. सुरेन्द्र कुमार भास्कर, वृत्ताधिकारी धर्मेन्द्र पुनिया और थानाधिकारी राजेश मीणा को रक्षा सूत्र बांधे। इसके अतिरिक्त, पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय और पुलिस थाने में कार्यरत पुलिस जवानों व कर्मचारियों की कलाई पर भी रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की गई।