रणथंभौर त्रिनेत्र गणेशजी महाराज के लक्खी मेले को लेकर पदयात्रियों का सैलाब लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को भी गणेश दर्शन के लिए पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं की भाड़ौती कस्बे के मुख्य बाजार में दिनभर भीड़ रही। पदयात्रियों की सेवा के लिए लगाए गए भंडारों में भोजन, चाय-नाश्ता और दवाइयों की व्यवस्था के साथ ही उनके मनोरंजन का भी खास इंतजाम किया गया। भंडारों पर महिला डांसरों के भजनों पर नृत्य और कॉमेडी कार्यक्रम पदयात्रियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। दिनभर भजनों की धुन पर महिला डांसरों ने प्रस्तुतियां दीं, वहीं कॉमेडी कलाकारों ने अपनी हास्य प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को खूब हंसाया। पैदल यात्रा की थकान के बीच मनोरंजन के इन कार्यक्रमों ने पदयात्रियों में नई ऊर्जा भर दी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम देखने के लिए रुकते और भजनों की धुन पर झूमते नजर आए।