आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) आरक्षण व्यवस्था में सरलीकरण और व्यावहारिक सुधार की मांग को लेकर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी की ‘EWS सरलीकरण यात्रा’ 28 सितंबर को पाली पहुंचेगी। यात्रा के तहत शहर में रोड शो और सभा का आयोजन प्रस्तावित है। इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भाटी ने 25-26 सितंबर के आसपास बाड़मेर से अभियान की शुरुआत की है और EWS व्यवस्था से जुड़ी मांगों को लेकर पश्चिमी राजस्थान में जनसंवाद कर रहे हैं। रोड शो के रूट और व्यवस्थाओं पर चर्चा पाली के बजरंग बाग रोड स्थित झाला गार्डन में आयोजित बैठक में 28 सितंबर को यात्रा के पाली आगमन और सभा की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में रोड शो के रूट, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं पर कार्यकर्ताओं एवं समाज प्रतिनिधियों ने मंथन किया। साथ ही EWS सरलीकरण के मुद्दे को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। शाम 5 बजे पणिहारी चौराहा से शुरू होगा रोड शो तय कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर को शाम करीब 5 बजे पणिहारी चौराहा से रोड शो शुरू होगा। इसके बाद यात्रा नया बस स्टैंड, मस्तान बाबा, कलेक्टर सर्किल, सूरजपोल और अंबेडकर सर्किल होते हुए राजा पार्क-बजरंग बाग रोड पहुंचेगी। यहां सभा का आयोजन प्रस्तावित है। बैठक में राजपूत समाज, राजपुरोहित समाज, ब्राह्मण सभा, जैन संघ, माहेश्वरी समाज, सिंधी समाज, बिश्नोई समाज सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। EWS नियमों में बदलाव की मांग रविंद्र सिंह भाटी EWS व्यवस्था में पात्रता और प्रमाण-पत्र प्रक्रिया को सरल बनाने, राज्य सरकार की ओर से जारी EWS प्रमाण-पत्रों को केंद्रीय सेवाओं एवं केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में मान्यता देने तथा मौजूदा भूमि और आय संबंधी मानदंडों की समीक्षा की मांग उठा रहे हैं। उनका कहना है कि अलग-अलग राज्यों की कृषि और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए EWS नियमों में व्यावहारिक बदलाव की जरूरत है। भाटी की प्रस्तावित यात्रा पश्चिमी राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए जोधपुर पहुंचने की योजना का हिस्सा है। अभियान के दौरान EWS व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं और सुधार की मांगों को लेकर लोगों से संवाद किया जा रहा है।