शहर में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली बीड़ी तैयार कर बाजार में खपाने के कारोबार का पुलिस ने बुधवार को भंडाफोड़ किया। कोतवाली थाना क्षेत्र के जखीरा इलाके के आजाद नगर-बी स्थित एक निर्माणाधीन मकान में नकली बीड़ी बनाने का काम चल रहा था। कोतवाली पुलिस व एसपी की टीम की कार्रवाई में मौके से बड़ी मात्रा में तैयार नकली बीड़ियां, फर्जी रैपर, और बीड़ी बनाने का कच्चा माल बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर काम करते मिले नदीम को हिरासत में लिया। कारखाने का संचालक मौके पर नहीं मिला। उसकी तलाश की जा रही है। कोतवाली थानाधिकारी बीएल वैष्णव ने बताया कि ब्रांडेड कंपनियों के फर्जी लेबल लगाकर बीड़ी बेचने की शिकायत मिली थी। इसके बाद एसपी रोशन मीणा के निर्देश पर नूर अहमद पुत्र हबीब नूर देशवाली के निर्माणाधीन मकान पर छापा मारा गया। जांच में वहां फर्जी लेबल लगाकर बीड़ी तैयार करने का काम चलता मिला। थानाधिकारी ने बताया कि बरामद माल की मात्रा का फिलहाल आकलन किया जा रहा है।