झालावाड़ | परवन वृहद परियोजना के भराव क्षेत्र में खड़ी फसलों को संभावित नुकसान से बचाने की मांग को लेकर खानपुर-बकानी विधायक सुरेश गुर्जर के नेतृत्व में किसानों ने बुधवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बांध का जलस्तर 2 मीटर कम करवाने की मांग रखी। ज्ञापन में बताया कि परवन वृहद परियोजना में मानसून के दौरान टेस्टिंग के लिए जल संग्रहित किया गया है। इसे 30 सितंबर को खाली किया जाना प्रस्तावित है। वर्तमान में बांध के भराव क्षेत्र में किसानों की सोयाबीन और मक्के की फसलें खड़ी हैं। किसानों का कहना है कि फसल तैयार होने के समय किसी भी तरह का नुकसान उनके आर्थिक हितों को प्रभावित करेगा। विधायक सुरेश गुर्जर के नेतृत्व में बुखारी, तारज, बरैड़ा, सेवनीयां, कांगनीखेड़ा, समरोल, छापीहेड़ा, मानपुरा, खेरखेड़ा सहित आसपास के गांवों के किसानों ने प्रशासन से समय रहते निर्णय लेने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी खड़ी फसल की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के समक्ष किसानों की मांग रखी गई है और आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।