भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में पुलिस लाइन मैदान पर चल रही जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शनिवार को तीन मुकाबले खेले गए। जिला फुटबॉल संघ के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि पहला मैच सुबह मानटाउन क्लब व यूनाइटेड क्लब के बीच हुआ। इसमें ट्राई ब्रेकर में मानटाउन क्लब ने जीत दर्ज की। इसके बाद पहला सेमीफाइनल मुकाबला मानटाउन क्लब व वाईएमसी के बीच खेला गया। इसमें मानटाउन क्लब 5-0 से जीता। दूसरा सेमीफाइनल मैच सिद्धेश्वर क्लब व एलपीजी के बीच हुआ। इसमें एलपीजी की टीम ने 3-0 से जीत हासिल की। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार सुबह 7 बजे मानटाउन क्लब व एलपीजी क्लब के बीच खेला जाएगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉक्टर उमेश जाटव होंगे।