राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने सवाई माधोपुर डिपो से यात्रियों की सुविधा और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। डिपो से तीन रोडवेज फेरों का विस्तार किया गया है। ये तीनों सेवाएं बुधवार से शुरू होंगी। इनमें सवाई माधोपुर-खंडार, सवाई माधोपुर-बहरावंडा खुर्द तथा जयपुर-मित्रपुरा रूट की बस का फेरा बढ़ाकर इंदरगढ़ तक किया गया है। इससे खंडार, बहरावंडा खुर्द, मित्रपुरा और आसपास के गांवों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। मुख्य प्रबंधक रोडवेज अजय मीना ने बताया कि यात्रियों की मांग और क्षेत्र में रोडवेज की आवश्यकता को देखते हुए इन तीनों फेरों को बढ़ाया गया है। खास बात यह है कि खंडार और बहरावंडा खुर्द से जयपुर जाने वाले यात्री भी इन बसों का उपयोग कर सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को सवाई माधोपुर आकर दूसरी बस पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बहरावंडा खुर्द के लिए 9.30 बजे बस इसी प्रकार सवाई माधोपुर से दूसरी बस सुबह 9.30 बजे बहरावंडा खुर्द के लिए रवाना होगी, जो करीब 10.30 बजे बहरावंडा खुर्द पहुंचेगी। वहां से बस 10.40 बजे वापस रवाना होकर 11.40 बजे सवाई माधोपुर पहुंचेगी। इसके बाद यह बस दोपहर 12.15 बजे जयपुर के लिए रवाना होगी। इस सेवा से बहरावंडा खुर्द और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को जयपुर के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। जयपुर-मित्रपुरा बस अब इंदरगढ़ तक जाएगी तीसरे फेरे में जयपुर वाया मित्रपुरा संचालित होने वाली रोडवेज बस का रूट बढ़ाकर इंदरगढ़ तक किया गया है। यह बस सवाई माधोपुर के बजरिया स्थित टोंक बस स्टैंड पर दोपहर 3.45 बजे पहुंचेगी। यहां से फेरा बढ़ाते हुए बस शाम 4 बजे टोंक बस स्टैंड से रवाना होकर करीब 5.30 बजे इंदरगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद 5.45 बजे इंदरगढ़ से वापस रवाना होकर शाम 6.45 बजे सवाई माधोपुर पहुंचेगी। इस रूट के बढ़ने से मित्रपुरा, इंदरगढ़ और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को भी सवाई माधोपुर से आने-जाने के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। डिपो प्रबंधक ने बताया कि वर्तमान में सवाई माधोपुर डिपो में 36 रोडवेज बसें संचालित हैं और इनके माध्यम से 43 रूटों पर सेवाएं दी जा रही हैं। तीन नए फेरे बढ़ने के बाद रूटों की संख्या बढ़कर 46 हो जाएगी। डिपो से वर्तमान में प्रतिदिन इस बसों से करीब 14 हजार किलोमीटर दूरी तय की जा रही है। इसे बढ़ाकर करीब 20 हजार किलोमीटर प्रतिदिन करने का प्रयास किया जा रहा है। दिवाली तक 3 हजार किमी और बढ़ सकती है दूरी डिपो प्रबंधन के अनुसार आने वाले समय में सवाई माधोपुर डिपो को करीब पांच नई रोडवेज बसें मिलने की संभावना है। इन बसों को सवाई माधोपुर से श्योपुर, झांसी और मनोहर थाना सहित अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर संचालित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे जिले के यात्रियों को दूसरे शहरों के लिए बेहतर सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार दिवाली तक करीब 3 हजार किलोमीटर प्रतिदिन का संचालन और बढ़ाए जाने की संभावना है। इसके अलावा डिपो को अनुबंधित बसें मिलने की भी संभावना है। नई बसें और अतिरिक्त फेरे शुरू होने के बाद सवाई माधोपुर डिपो से लंबी दूरी के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की परिवहन सुविधा भी मजबूत होने की उम्मीद है। सुबह 6.30 बजे खंडार के लिए रवाना होगी बस डिपो प्रबंधन के अनुसार सवाई माधोपुर शहर से पहली बस सुबह 6.30 बजे खंडार के लिए रवाना होगी। यह बस सुबह करीब 7.40 बजे खंडार पहुंचेगी। इसके बाद खंडार से सुबह 7.50 बजे वापस रवाना होकर 9.15 बजे सवाई माधोपुर पहुंचेगी। इसके बाद यही बस सुबह 9.30 बजे जयपुर के लिए रवाना होगी। इससे खंडार से जयपुर जाने वाले यात्रियों को भी सीधे रोडवेज बस की सुविधा मिल सकेगी।