भास्कर न्यूज | बाटोदा कस्बे में श्री श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित चतुर्थ गणेश महोत्सव की सोमवार को गणेश चतुर्थी के मौके पर शुरुआत हुई। महोत्सव के शुभारंभ पर बोहरा जी तालाब स्थित शिव सरोवर से महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। इससे पहले ग्राम पंचायत बाटोदा की प्रशासक मोनिका मीणा की मौजूदगी में ध्वज पूजन किया गया। इसके बाद कलश यात्रा मुख्य मार्ग से होते हुए शीतला माता मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। कलश यात्रा के बाद श्याम मित्र मंडल और आयोजन से जुड़े लोगों की मौजूदगी में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा स्थापना के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान पूरे कस्बे में धार्मिक माहौल नजर आया। 25 सितंबर तक आय​ोजित महोत्सव के दौरान विशेष जीवंत झांकियां, भजन संध्या, छप्पन भोग, पुष्प वर्षा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। गणेश महोत्सव कस्बे के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में अपनी पहचान बना रहा है। इसमें ग्रामीणों और युवाओं की बड़ी भागीदारी रहती है। इससे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का भी माध्यम बन रहा है। कलश यात्रा और प्रतिमा स्थापना के दौरान श्रद्धालुओं से कस्बे में उत्सव का माहौल बना रहा।