ब्यावर जिले में ग्राम घोड़ावड़ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में बारिश के पानी के जमाव के कारण भवन को क्षति पहुंचने का खतरा पैदा हो गया है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से लंबे समय तक पानी भरा रहता है, जिससे विद्यालय भवन की नींव और अन्य निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। स्कूल में रोज बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। भवन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं व्यक्त की जा रही हैं। आने वाले दिनों में बढ़ सकती है परेशानी ग्रामीणों और विद्यालय से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था और भवन की मरम्मत नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को एक पत्र भेजा गया है। इसमें विद्यालय का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने, परिसर से वर्षा जल की उचित निकासी के लिए आवश्यक कार्य करवाने और क्षतिग्रस्त भवन की तकनीकी जांच कराकर मरम्मत या पुनर्निर्माण के लिए संबंधित विभाग को निर्देश देने की मांग की गई है। ज्ञापन में विद्यार्थियों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।