बीकानेर की अंतरराष्ट्रीय शूटर बहनों स्वाति सारण और शिक्षा सारण ने पंजाब के अमृतसर स्थित गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (GNDU) में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय शूटिंग टीम चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन किया। दोनों बहनों ने प्रतियोगिता में पहला और दूसरा स्थान हासिल करते हुए गोल्ड और सिल्वर मेडल अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ ही दोनों का चयन विश्वविद्यालय की शूटिंग टीम में हुआ है। अब जनवरी में होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप में दोनों बहनें विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। 56 खिलाड़ियों के बीच हासिल किए पहले दो स्थान सनराइज शूटिंग अकादमी के कोच रघुवीर सिंह के अनुसार, चयन ट्रायल में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से संबद्ध विभिन्न कॉलेजों के करीब 56 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच स्वाति और शिक्षा ने अपने प्रदर्शन के दम पर पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों बहनें गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी की छात्राएं भी हैं। व्यक्तिगत स्पर्धा के साथ टीम इवेंट में भी दोनों बहनों की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम स्पर्धा में पहला स्थान हासिल कर दोनों ने स्वर्ण पदक जीता। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में लेंगी हिस्सा कोच रघुवीर सिंह ने बताया कि अगले साल जनवरी में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप में स्वाति और शिक्षा गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व करेंगी। चयन ट्रायल में प्रदर्शन के बाद अब दोनों की नजरें राष्ट्रीय स्तर की इस विश्वविद्यालय प्रतियोगिता पर टिकी हैं। रोजाना 8 घंटे कर रहीं प्रेक्टिस आगामी प्रतियोगिता की तैयारी के लिए दोनों बहनें सनराइज शूटिंग अकादमी में प्रतिदिन करीब 8 घंटे प्रेक्टिस कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से बीकानेर के खेल जगत में खुशी का माहौल है। लगातार अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के दम पर दोनों बहनें अब ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा दिखाने की तैयारी में जुटी हैं।