हनुमानगढ़ पुलिस ने गोगामेड़ी मेले में देश-प्रदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को साइबर अपराधों से बचाने के लिए विशेष साइबर हेल्प डेस्क शुरू की है। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सितंबर को ‘साइबर जागरूकता माह’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के नेतृत्व में मेले में श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी जा रही है। आसान भाषा में समझाए जा रहे साइबर फ्रॉड साइबर हेल्प डेस्क पर पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के तरीकों के बारे में जागरूक कर रहे हैं। लोगों को समझाया जा रहा है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचने की सलाह दी जा रही है। ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल पुलिस श्रद्धालुओं को साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए प्रेरित कर रही है। पुलिस के अनुसार फ्रॉड के बाद शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अलावा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है। डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने की सलाह पुलिस ने ठगी से जुड़े सभी डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने की अपील की है। इनमें बैंक या UPI लेन-देन की जानकारी, ट्रांजेक्शन आईडी, मोबाइल नंबर, चैट, स्क्रीनशॉट और संदिग्ध लिंक शामिल हैं। संबंधित बैंक या UPI सेवा प्रदाता को भी तत्काल सूचना देने की सलाह दी जा रही है। मोबाइल गुम होने पर भी मिलेगी मदद मेले में मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में भी श्रद्धालुओं की मदद की जा रही है। पुलिसकर्मी राजस्थान पुलिस पोर्टल पर गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया समझा रहे हैं। इसके बाद CEIR पोर्टल के जरिए मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक कराने की जानकारी भी दी जा रही है। पोस्टर-पंपलेट और वीडियो से साइबर जागरूकता साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए मेले के विभिन्न स्थानों और वाहनों पर जागरूकता पोस्टर लगाए गए हैं। पंपलेट बांटकर साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। साइबर हेल्प डेस्क को विशेष साइबर जागरूकता प्रदर्शनी के रूप में तैयार किया गया है, जहां साइबर ठगी के तरीकों और बचाव के उपायों से संबंधित पोस्टर व सामग्री प्रदर्शित की गई है। स्क्रीन के जरिए साइबर अपराधों से बचाव संबंधी वीडियो भी दिखाए जा रहे हैं। ‘मैं हूं साइबर अपराध के प्रति जागरूक’ का संदेश साइबर जागरूकता को रोचक बनाने के लिए हेल्प डेस्क पर विशेष सेल्फी स्टैंड लगाया गया है। इस पर ‘मैं हूं साइबर अपराध के प्रति जागरूक’ स्लोगन अंकित है। श्रद्धालु यहां सेल्फी लेकर साइबर सुरक्षा का संदेश सोशल मीडिया के जरिए अपने परिवार और परिचितों तक पहुंचा रहे हैं। पुलिस की अपील: घबराएं नहीं, तुरंत कार्रवाई करें गोगामेड़ी मेले में हनुमानगढ़ पुलिस की इस पहल को श्रद्धालुओं और आमजन की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध होने पर घबराने के बजाय तुरंत शिकायत और कार्रवाई करना ही सबसे अहम कदम है।