हनुमानगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के तहत वार्ड सदस्य पदों के लिए मतगणना सोमवार 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना संबंधित नगरपालिका मुख्यालयों पर निर्धारित मतगणना केंद्रों में रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा करवाई जाएगी। जिला प्रशासन ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं। संगरिया में किसान शहीद स्मारक खालसा उच्च माध्यमिक विद्यालय, टिब्बी में राजकीय महाविद्यालय, हनुमानगढ़ में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय और गोलूवाला में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोलूवाला सिहागान को ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना केंद्र बनाया गया है। इसी प्रकार रावतसर में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नोहर में गौरीशंकर बिहाणी राजकीय कन्या महाविद्यालय तथा भादरा में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को मतगणना के लिए निर्धारित किया गया है। कुल 57 टेबलों पर होगी मतगणना राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार वार्डों और मतदान केंद्रों की संख्या के आधार पर निकायवार मतगणना टेबल निर्धारित की गई हैं। टिब्बी में 20 मतदान केंद्रों के लिए 5 टेबल, गोलूवाला में 25 मतदान केंद्रों के लिए 5 टेबल, संगरिया में 35 मतदान केंद्रों के लिए 7 टेबल, पीलीबंगा में 35 मतदान केंद्रों के लिए 7 टेबल, रावतसर में 36 मतदान केंद्रों के लिए 7 टेबल, नोहर में 44 मतदान केंद्रों के लिए 8 टेबल, भादरा में 41 मतदान केंद्रों के लिए 8 टेबल और हनुमानगढ़ में 133 मतदान केंद्रों के लिए 10 टेबल निर्धारित की गई हैं। इस प्रकार जिले के सभी 8 निकायों में कुल 369 मतदान केंद्रों की मतगणना के लिए 57 टेबलों पर मतगणना करवाई जाएगी।