हनुमानगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के बाद कांग्रेस समर्थित पार्षदों, प्रत्याशियों और उनके परिवार पर पुलिस-प्रशासनिक दबाव बनाने का आरोप लगा है। इस मामले में जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को एसपी बी. आदित्य को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने ज्ञापन में शिकायतों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने बताया कि चुनाव के बाद कई जगहों से शिकायतें मिल रही हैं। इनमें कहा गया है कि कांग्रेस समर्थित लोगों को पुलिस और प्रशासन परेशान कर रहा है। आरोप है कि सरकारी मशीनरी और पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक मकसद से किया जा रहा है। इससे कांग्रेस समर्थित लोगों को प्रभावित करने या उन पर दबाव बनाने की कोशिश हो रही है। कांग्रेस ने इन शिकायतों की सच्चाई जानने के लिए जांच की मांग की है। कांग्रेस ने यह भी साफ किया कि अगर किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आपराधिक मामला या कानूनी कार्रवाई लंबित है, तो पुलिस को कानून के हिसाब से कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है। हालांकि कांग्रेस ने मांग की कि कार्रवाई किसी व्यक्ति के राजनीतिक समर्थन या चुनावी गतिविधि के आधार पर नहीं होनी चाहिए। कार्रवाई सिर्फ तथ्यों, सबूतों और कानून के तय नियमों के मुताबिक ही की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया, रामदयाल शर्मा, बनवारी लाल, गुरलाल सिंह, ओमप्रकाश सैनी इत्यादि मौजूद रहे।