हनुमानगढ़ के सुरेशिया क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पड़ोसी सहित कई लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने, 48 हजार रुपए छीनने और मकान में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। वार्ड नंबर 55 निवासी सीताराम मेघवाल ने शुक्रवार को जंक्शन पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीताराम ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसका पड़ोसी महावीर भाट नशे की हालत में रोज गाली-गलौज और हंगामा करता है। 17 सितंबर की शाम करीब 7.30 बजे महावीर गली में गालियां दे रहा था। जब सीताराम ने उसे रोकने की कोशिश की, तो महावीर ने उसके साथ हाथापाई की। सो रहे परिवार पर धारदार हथियारों से किया हमला मौके पर सुरेशिया पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी पहुंचे और समझाकर चले गए। सीताराम के अनुसार, उसी रात करीब 10 बजे वह और उसके परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। तभी महावीर, कृष्ण, कुलदीप, मीरा, ममता, समीर, सन्नी, कल्याण, दाना सहित 5-7 अन्य लोग हाथों में गंडासा, कुल्हाड़ी, तलवार, डंडे और पत्थर लेकर एक साथ घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने जातिसूचक गालियां देते हुए सीताराम और उसके बेटे सुनील पर हमला कर दिया। आरोपियों ने सीताराम की छाती पर ईंट से वार किया, जबकि सुनील के हाथ पर तलवार और कमर पर ईंट से चोट मारी। इसके अलावा उसके बेटे ईमीलाल और अनिल के साथ भी मारपीट की गई। मारने की धमकी भी दी मंगलाराम, शिवकुमार, राकेश और मुकेश आदि के पहुंचने पर बीच-बचाव किया गया। सीताराम ने आरोप लगाया कि इसी दौरान आरोपी उसका पर्स छीनकर ले गए, जिसमें 48 हजार रुपए नकद थे। जाते समय आरोपियों ने मकान के गेट सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी। सीताराम ने घर में घुसकर हमला करने, जातिसूचक गालियां देकर अपमान करने, रुपए छीनने, तोड़फोड़ और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।