कुख्यात चिट्टा (हेरोइन) तस्कर सलमान खान उर्फ लखा (25) की एक करोड़ की कोठी को पुलिस ने सील कर दिया है। सालभर पहले हनुमानगढ़ पुलिस ने सलमान को पकड़ा था। पड़ताल में सामने आया कि सलमान ने चिट्टा बेचकर करोड़ों की प्रॉपर्टी बनाई है। सलमान खुद का ड्रग सप्लाई नेवटर्क चलाता था। वॉट्सएप पर ही पैडलर से डील करता और बाइक से सप्लाई देने जाता था। श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ सहित राजस्थान से सटे पंजाब के कई जिलों में नेटवर्क तैयार कर रखा था। आरोपी के खिलाफ पहला मुकदमा तब दर्ज हुआ, जब उसकी उम्र महज 17 साल थी। अवैध कमाई के लिए बन गया तस्कर सलमान खान हनुमानगढ़ के टिब्बी थाना में गुड़िया गांव के वार्ड नंबर 5 का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार वह कम उम्र से ही आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा और ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है। अधिक पैसा कमाने की चाह में वह नशा तस्करी से जुड़ा और धीरे-धीरे इसमें सक्रिय भूमिका निभाने लगा। उसके खिलाफ राजस्थान में NDPS एक्ट के 3, चोरी का 1 और आर्म्स एक्ट का 1 सहित कुल 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं, उसके खिलाफ पंजाब में भी NDPS एक्ट का मामला दर्ज है। 17 साल की उम्र में बना तस्कर सलमान के खिलाफ पहला मामला साल 2018 में पंजाब में NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ था। उस समय उसकी उम्र करीब 17 साल थी। इसके बाद साल 2022 में हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज हुआ। 3 अप्रैल 2025 को टिब्बी पुलिस की कार्रवाई में वह चिट्टे के मामले में पकड़ा गया। इसी मामले में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाने में 9 मई 2025 को चोरी का केस भी दर्ज हुआ। बाइक पर देने जाता था सप्लाई 3 अप्रैल 2025 को टिब्बी पुलिस ने गुड़िया क्षेत्र में सलमान खान को बाइक पर पकड़ा। पुलिस के मुताबिक तलाशी में उसके पास से 62.07 ग्राम चिट्टा और करीब 14 हजार कैश बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पकड़ा गया ‘डॉक्टर’, खुला सप्लाई का लिंक मई 2026 में पुलिस की जांच में एक और सुराग मिला। 13 मई 2026 को टिब्बी पुलिस ने सुरेवाला इलाके में हरजीत सिंह उर्फ डॉक्टर (42) निवासी पुरखाराम की ढाणी, तंदूरवाली को 10.25 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में हरजीत ने बताया कि उसने गिरफ्तारी से करीब दो दिन पहले सलमान खान से 15 ग्राम चिट्टा खरीदा था। पुलिस के मुताबिक, दोनों की पहचान वॉट्सएप के जरिए हुई थी। इसके बाद नशे की डील तय हुई। हरजीत से मिली इस जानकारी के बाद पुलिस को पता चला कि सलमान कोई छोटा-मोटा तस्कर नहीं, बल्कि सप्लायर है। इसके बाद पुलिस ने उसके नेटवर्क की जांच तेज की। नशे की कमाई से खड़ी की करोड़ों की कोठी सलमान खान की आय, संपत्ति और पैसों के लेनदेन की पड़ताल में उसके पास कोई स्पष्ट वैध आय स्रोत नहीं मिला। पुलिस का दावा है कि सलमान लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय था। इसी अवैध कमाई से उसने करोड़ों का मकान बनाया है। ऐसे में टिब्बी स्थित उसके 360 वर्गगज के कोठीनुमा मकान को सील कर दिया गया। पुलिस ने इसकी कीमत 1 करोड़ से ज्यादा की बताई है। टिब्बी थानाधिकारी राकेश सांखला ने बताया- हमारी टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि सलमान के नाम पर या उसके परिवार से जुड़े लोगों के नाम पर और कितनी संपत्तियां हैं। जमीन, मकान और दूसरी प्रॉपर्टी की जानकारी जुटाई जा रही है।