संयुक्त वन कर्मचारी संघ, राजस्थान ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम हनुमानगढ़ कलेक्टर को 11 सूत्री मांग-पत्र सौंपा। संघ ने शहीद प्रताप सिंह चुडावत को शहीद का दर्जा देने के साथ उनके परिवार को 3 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की। साथ ही आश्रित परिवार को विशेष पारिवारिक पेंशन और अन्य लाभ देने तथा अन्य शहीद वन कर्मचारियों के लिए भी पारदर्शी नीति लागू करने की मांग उठाई। वन एवं वन्यजीव सुरक्षा के लिए एसओपी की मांग संघ ने ज्ञापन में वन एवं वन्यजीव सुरक्षा के लिए एसओपी जारी करने की मांग की। इसके साथ ही कैडर स्ट्रेंथ का पुनर्गठन कर आवश्यक पद स्वीकृत करने और फील्ड कर्मचारियों को भत्ते देने की मांग रखी गई। संघ का कहना है कि जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में काम करने वाले कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप सुविधाएं मिलनी चाहिए। रेंजर से लेकर वनरक्षक तक पद भरने की मांग मांग-पत्र में वन रेंजों का पुनर्गठन कर रेंजर, डिप्टी रेंजर, वनपाल, वनरक्षक, मंत्रालयिक कर्मचारी और वाहन चालकों के पदों पर नियुक्तियां करने की मांग की गई। इसके अलावा वेतनमान और ग्रेड-पे की विसंगतियां दूर करने की मांग भी संघ ने उठाई। शहीदों के नाम पर पार्क और कार्यालय हों संघ ने शहीद वन कर्मचारियों की स्मृति को बनाए रखने के लिए उनके नाम पर वन विभाग के पार्क या कार्यालय का नामकरण करने की मांग भी की। संघ ने सभी मांगों पर चर्चा और समाधान के लिए सरकार से उच्च स्तरीय बैठक बुलाने की अपील की। मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन की चेतावनी संघ ने कहा कि वन कर्मचारी कठिन और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में अपने दायित्व निभा रहे हैं, इसलिए उनकी मांगों पर प्राथमिकता से कार्रवाई होनी चाहिए। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगों का समयबद्ध समाधान नहीं होने पर संयुक्त वन कर्मचारी संघ आंदोलन करेगा।