हनुमानगढ़ के टाउन स्थित मीरा विहार कॉलोनी, वार्ड नंबर 36 में बुधवार रात कुछ लोगों द्वारा हुड़दंग करने और एक व्यक्ति के घर में घुसकर धमकी देने तथा ईंटें फेंकने के आरोप से मोहल्लेवासियों में गुस्सा है। इस घटना के विरोध में गुरुवार को बजरंग दल के जिला संयोजक सुनील चाहर के नेतृत्व में गुस्साए मोहल्लेवासियों ने टाउन पुलिस थाने के सामने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने जिला कलेक्टर को भी शिकायत दी। मीरा विहार कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने बताया कि बुधवार रात निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर ने छत पर चढ़कर उनकी ओर ईंटें फेंकीं। उन्होंने कहा कि गनीमत यह रही कि उस समय छत पर बच्चे या अन्य लोग मौजूद नहीं थे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। अमित ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति के पास ऐसी सामग्री थी, जो आम मजदूर के पास नहीं होनी चाहिए। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि कॉलोनी में एक जगह अवैध निर्माण हो रहा है। करीब एक साल पहले भी मोहल्लेवासियों ने इसका विरोध किया था, जिसके बाद काम बंद कर दिया गया था। लेकिन, अब आरोप है कि बंद दरवाजे के पीछे से दोबारा काम शुरू कर दिया गया है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि जब यह प्लॉट लिया गया था, तब यहां मकान बनाने की बात कही गई थी। बाद में छत डलने के बाद बच्चों को पढ़ाने के लिए मदरसा बनाने की बात कही गई, लेकिन अब आरोप है कि धीरे-धीरे गेट बंद कर अंदर मस्जिद बनाई जा रही है। उनका कहना है कि सुबह-शाम यहां लोगों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे मोहल्लेवासी परेशान हैं। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने, जिस अवैध निर्माण का आरोप है उस पर रोक लगाने और बुधवार रात हुई घटना में कार्रवाई करने की मांग की है।