हनुमानगढ़ में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत रक्तदान शिविर लगाए गए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को टाउन स्थित महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला चिकित्सालय के फिजियोथैरेपी हॉल में शिविर लगाया। वहीं, अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद ने भी तेरापंथ भवन में मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया। यह अभियान 15 दिनों तक चलेगा, जिसमें एक हजार से ज्यादा यूनिट रक्त इकट्ठा करने का लक्ष्य है। जिला अस्पताल में लगे शिविर में युवाओं ने उत्साह से रक्तदान किया। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने भी खुद रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव और जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान शिविर प्रभारी डॉ. पवन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. शंकर सोनी समेत कई अधिकारी और स्टाफ मौजूद थे। तेरापंथ युवक परिषद हनुमानगढ़ की ओर से अध्यक्ष अनुराग बांठिया के नेतृत्व में तेरापंथ भवन में लगे शिविर में भी युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर की शुरुआत जैन संस्कार विधि से हुई। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम ने प्रदीप शाक्य के नेतृत्व में रक्त इकट्ठा किया। इस दौरान डॉक्टर फॉर सोसाइटी ने डॉ. विक्रम जैन और सचिव नरेश संकलेचा की प्रेरणा पर पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक मुक्त कैंप भी लगाया। इस शिविर में प्लास्टिक की किसी भी चीज का इस्तेमाल नहीं किया गया। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य और जिला परिषद सीईओ श्रद्धा गोमे ने सभी विभागों से ज्यादा से ज्यादा रक्तदान करने की गुजारिश की है। उनका कहना है कि इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल पाएगा और उनकी जान बचाई जा सकेगी।