हनुमानगढ़ में दीपावली पर्व को देखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर परिषद ने जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में प्रतिनियुक्त 29 सफाई कर्मचारियों को कार्यमुक्त कर वापस नगर परिषद में लगाने की मांग की है। नगर परिषद सभापति मंजू रणवां, उपसभापति सोनू बंसल और पूर्व सभापति सुमित रणवां ने गुरुवार को जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर के अवकाश पर होने के कारण जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रद्धा गोमे से मुलाकात की। सभापति मंजू रणवां ने सीईओ को पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया। चुनाव ड्यूटी में लगाए गए 29 कर्मचारी नगर परिषद की ओर से दिए गए पत्र में बताया गया कि नगरीय निकाय चुनाव के दौरान नगर परिषद के 29 सफाई कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी कार्य के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया था। वर्तमान में दीपावली पर्व नजदीक होने के कारण शहर में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था की जरूरत है। कर्मचारियों की कमी के चलते नगर परिषद क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। दीपावली पर बढ़ेगा सफाई और कचरा उठाव का दबाव नगर परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि दीपावली के दौरान शहर में साफ-सफाई, कचरा उठाव और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए सामान्य दिनों की तुलना में अधिक कर्मचारियों की जरूरत होगी। ऐसे में चुनाव ड्यूटी में लगाए गए सफाई कर्मचारियों को जल्द कार्यमुक्त कर नगर परिषद में वापस भेजने का आग्रह किया गया है, ताकि पर्व के दौरान सफाई व्यवस्था सुचारु रखी जा सके। नवंबर 2025 से प्रतिनियुक्त कर्मचारियों की भी वापसी मांगी पूर्व सभापति सुमित रणवां ने कहा कि शहर में चरमराए हुए स्वच्छता ढांचे को पटरी पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई सफाई कर्मचारी नवंबर 2025 से जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर हैं। ऐसे कर्मचारियों को भी कार्यमुक्त कर नगर परिषद में वापस लगाने की मांग जिला प्रशासन से की गई है।