हनुमानगढ़ जिले में नगर निकायों के अध्यक्ष और सभापति पद के चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। सबसे बड़ा उलटफेर हनुमानगढ़ नगर परिषद में हुआ, जहां निर्दलीय प्रत्याशी मंजू रिणवा ने 35 वोट हासिल कर सभापति पद पर जीत दर्ज की। भाजपा की विनीता बत्तरा को 16 और कांग्रेस की सुशीला खीचड़ को 9 वोट मिले। इस तरह मंजू रिणवा ने भाजपा प्रत्याशी को 19 वोटों से हराया। मंजू रिणवा की जीत के साथ ही हनुमानगढ़ नगर परिषद में निर्दलीयों का बोर्ड बन गया। परिणाम सामने आते ही नगर परिषद परिसर में समर्थकों ने जश्न मनाया। समर्थकों ने मंजू रिणवा को रंग-गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी। 35 निर्दलीय पार्षदों के शक्ति प्रदर्शन का परिणाम सभापति चुनाव से पहले ही हनुमानगढ़ में निर्दलीय पार्षदों की ताकत नजर आ गई थी। सोमवार सुबह पूर्व सभापति सुमित रिणवां के नेतृत्व में 35 निर्दलीय पार्षद नगर परिषद पहुंचे। भाजपा के 16 और कांग्रेस के 9 पार्षद भी मतदान के लिए पहुंचे। मतदान से पहले परिषद परिसर में शक्ति प्रदर्शन जैसा माहौल रहा। इससे पहले सुबह करीब 5 बजे रेलगाड़ी से हनुमानगढ़ पहुंचे निर्दलीय पार्षदों को समर्थकों ने घेरकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। इसके बाद गुरुद्वारा सिंह सभा में भी बड़ी संख्या में समर्थक जुटे। सभी निर्दलीय पार्षदों को एक साथ मतदान केंद्र ले जाने की तैयारी की गई। पानी और सफाई व्यवस्था सुधारने का दावा सुमित रिणवा ने शहर में पानी की व्यवस्था को लेकर बनी अव्यवस्था को दूर करने और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल से प्रभावित सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने पानी निकासी की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि जल्द ही एसटीपी बनाया जाएगा और जलभराव एवं पानी निकासी की समस्या से शहरवासियों को राहत दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। हाईकोर्ट के आदेश की कॉपी लेकर पहुंचीं मंजू निर्दलीय प्रत्याशी मंजू रिणवा हाईकोर्ट के आदेश की कॉपी लेकर मतदान केंद्र पहुंचीं। उन्होंने मतदान से रोके जाने की आशंका को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाया था। अदालत ने उन्हें मतदान से नहीं रोकने के आदेश दिए थे। मतदान से पहले इसको लेकर भी नगर परिषद में राजनीतिक सरगर्मी बनी रही। पूर्व सभापति सुमित रिणवां ने परिषद पहुंचने से पहले कहा था कि "हनुमानगढ़ झुकेगा नहीं, हनुमानगढ़ जीतेगा और जनता देखेगी।" जीत के बाद सुमित रिणवा ने जताया आभार मंजू रिणवा की जीत के बाद उनके पति एवं पूर्व सभापति सुमित रिणवा ने शहरवासियों और पार्षदों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शहरवासियों ने उनकी धर्मपत्नी को प्यार और स्नेह दिया तथा पार्षदों ने उन्हें सभापति की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने भरोसा जताया कि मंजू रिणवा इस जिम्मेदारी पर खरा उतरेंगी। उन्होंने शहर की जनता और सभी पार्षदों को धन्यवाद देते हुए कहा कि नई सभापति के नेतृत्व में शहर की समस्याओं को दूर करने पर काम किया जाएगा।
सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का लगाया आरोप जीत के बाद सुमित रिणवा ने पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप और उनके पुत्र पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव के दौरान सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि लोगों के घरों पर छापे मारे गए, जीएसटी की रेड डलवाई गई और किसी के पैलेस की जांच करवाई गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने के प्रयास का भी आरोप लगाया। सुमित रिणवा ने कहा कि यदि सरकार लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है तो फिर चुनाव कराने की जरूरत ही क्या है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया के दौरान हाईकोर्ट के हस्तक्षेप और मिले आदेशों के लिए भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि रविवार को चीफ जस्टिस के आदेश पर कार्यालय खोला गया और उनकी धर्मपत्नी को निष्पक्ष तरीके से चुनाव लड़ने तथा मतदान से नहीं रोकने के आदेश दिए गए थे। उन्होंने गिरफ्तारी पर मिले स्टे का भी उल्लेख किया। सुमित रिणवा के अनुसार, हाईकोर्ट के हस्तक्षेप से निष्पक्ष मतदान हुआ और लोकतंत्र की गरिमा बनी रही। पीलीबंगा में भाजपा का बोर्ड पीलीबंगा नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के अरविंद जोशी ने कांग्रेस के पुरुषोत्तम दास सिंगला को 19-16 के अंतर से हराया। अरविंद जोशी को 19 और पुरुषोत्तम दास को 16 वोट मिले। पीलीबंगा में भाजपा का बोर्ड बना। पीलीबंगा नगरपालिका में 35 वार्ड हैं और उपलब्ध चुनाव परिणामों में भाजपा को 18 तथा कांग्रेस को 15 वार्ड मिले थे। गोलूवाला में एक वोट से भाजपा की जीत गोलूवाला नगरपालिका में भाजपा के ताराचंद बावरी अध्यक्ष बने। उन्होंने कांग्रेस के भोलाराम खटीक को एक वोट से हराया। ताराचंद बावरी को 13 और भोलाराम खटीक को 12 वोट मिले। यहां कांग्रेस के जीते हुए पार्षदों की संख्या 10 थी, लेकिन अध्यक्ष पद के मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी को 12 वोट मिले। नोहर में बराबरी के बाद लॉटरी से भाजपा की हाजन खातून टाक अध्यक्ष नोहर नगरपालिका में अध्यक्ष पद का फैसला बेहद रोचक रहा। भाजपा की हाजन खातून टाक और कांग्रेस के सुमित चाचाण को 20-20 वोट मिले। इसके बाद लॉटरी से फैसला हुआ, जिसमें हाजन खातून टाक अध्यक्ष चुनी गईं। नोहर में भाजपा के पास महज 2 पार्षद थे, जबकि कांग्रेस के 20 पार्षद जीते थे। भाजपा को निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिला और मतदान में उसके पक्ष में 20 वोट पहुंचे। रावतसर में कांग्रेस की नीलम सहारण अध्यक्ष रावतसर नगरपालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की नीलम सहारण ने जीत दर्ज की। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी चांद बतरा को 30 वोटों से हराया। नीलम सहारण को 30, चांद बतरा को 4 वोट मिले, जबकि एक वोट निरस्त हुआ। भादरा में भाजपा के मांगीलाल बने अध्यक्ष भादरा नगरपालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा के मांगीलाल ने जीत दर्ज की। उन्हें 40 में से 28 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के नरेन्द्र को 12 वोट मिले। इस तरह भाजपा ने भादरा में बोर्ड बनाया। चुनाव से पहले निर्दलीय प्रत्याशी बलवंत सैनी ने नामांकन वापस लेकर भाजपा प्रत्याशी मांगीलाल को समर्थन दिया था। टिब्बी में कांग्रेस के देवीलाल अध्यक्ष टिब्बी नगरपालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के देवीलाल ने जीत दर्ज की। उन्हें 20 में से 12 वोट मिले, जबकि निर्दलीय भोला सिंह बाजीगर को 8 वोट मिले। टिब्बी में कुल 20 वार्ड हैं। संगरिया में कांग्रेस की सुमन रानी की जीत संगरिया नगरपालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की सुमन रानी सभापति बनीं। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी रोशनी देवी को 16 वोटों से हराया। सुमन रानी को 34 में से 25 वोट मिले, जबकि रोशनी देवी को 9 वोट मिले। एक वोट का अंतर यहां कुल पड़े मतों की संख्या के आधार पर दर्ज किया गया है। संगरिया में 35 वार्ड हैं और वार्ड परिणामों में 25 निर्दलीय, 8 कांग्रेस और 2 भाजपा पार्षद विजयी हुए थे। हनुमानगढ़ जिले की 8 निकायों में अध्यक्ष/सभापति के नतीजे एक नजर में हनुमानगढ़ जिले का सियासी परिणाम हनुमानगढ़ नगर परिषद में निर्दलीय मंजू रिणवा की जीत सबसे बड़ा घटनाक्रम रही। वहीं पीलीबंगा, गोलूवाला और भादरा में भाजपा ने अध्यक्ष पद हासिल किया। नोहर में बराबरी के बाद लॉटरी से भाजपा के खाते में अध्यक्ष पद गया। रावतसर, टिब्बी और संगरिया में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। इस तरह जिले के आठ निकायों के अध्यक्ष/सभापति चुनाव में मुकाबला अलग-अलग निकायों में अलग तस्वीर के साथ सामने आया।