हनुमानगढ़ जिले के सभी कॉलेजों एवं कॉलेजों को ‘माय भारत’ अध्याय से जोड़ने और प्रत्येक संस्थान में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने दिए हैं। कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक में जिले के अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत से जोड़ने, उन्हें युवा गतिविधियों, प्रशिक्षण, अनुभव एवं अवसरों का लाभ दिलाने तथा विभागों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाने पर चर्चा हुई। माय भारत की गतिविधियों का दिया प्रस्तुतीकरण जिला युवा अधिकारी प्रीति ने बैठक में माय भारत के तहत संचालित कार्यक्रमों, वार्षिक कार्ययोजना, अब तक आयोजित गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण दिया। जिला कलेक्टर ने कहा कि संस्थानों में नोडल अधिकारी नियुक्त होने से गतिविधियों का प्रभावी संचालन होगा और युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जा सकेगी। युवाओं को मिलेगा व्यावहारिक अनुभव बैठक में अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम को युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान, कौशल और कार्यानुभव उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया। इसके लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बढ़ाने पर चर्चा हुई। संबंधित विभागों को माय भारत के साथ मिलकर युवाओं के लिए अधिक से अधिक अनुभवात्मक शिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। युवा नेतृत्व संवाद में बढ़ेगी भागीदारी विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2026-27 के संबंध में भी बैठक में जानकारी दी गई। प्रथम चरण में आयोजित विकसित भारत प्रश्नोत्तरी के बाद आगामी चरणों में सांस्कृतिक गतिविधि, सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए नवाचार और राष्ट्रीय युवा संसद सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। जिला कलेक्टर ने इन गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 100 सप्ताह के नशा मुक्ति अभियान पर चर्चा भारत सरकार के ‘नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत प्रस्तावित 100 सप्ताह के कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई। अभियान के जरिए युवाओं को नशे से दूर रखने, जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सकारात्मक, रचनात्मक तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया। योजनाओं और अवसरों की युवाओं तक पहुंच बढ़ाने के निर्देश जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों को युवाओं के लिए उपलब्ध योजनाओं, प्रशिक्षण, गतिविधियों और अवसरों को माय भारत के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने तथा विभागीय कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य जिले में माय भारत की गतिविधियों को व्यापक और प्रभावी बनाते हुए विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और युवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। ये अधिकारी रहे मौजूद बैठक में जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रद्धा गोमे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजय भार्गव, लीड बैंक मैनेजर सुरेंद्र सिंह, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग विक्रम सिंह शेखावत, सीओ भारत स्काउट एवं गाइड्स भारत भूषण, सचिव रेडक्रॉस सोसाइटी रामनिवास मीणा, जिला रोजगार अधिकारी दिनेश चौधरी, राजकीय मेडिकल कॉलेज हनुमानगढ़ से डॉ. सुनील बेनीवाल सहित विभिन्न विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि तथा माय भारत कार्यालय के कार्मिक मौजूद रहे।