हनुमानगढ़ में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के मद्देनजर चुनावी कार्यों के विकेंद्रीकरण के लिए जिले में 28 प्रकोष्ठ गठित कर प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। चुनाव तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रकोष्ठ प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में आदर्श आचार संहिता, कानून-व्यवस्था, मतदान दलों की नियुक्ति, वाहन एवं रूट चार्ट, निर्वाचन सामग्री, प्रशिक्षण, डाक मतपत्र, मतपत्र मुद्रण एवं वितरण, भुगतान, सांख्यिकी, आईटी, निर्वाचन लेखा, अभ्यर्थी लेखा, मीडिया एवं पेड न्यूज, शिकायत प्रकोष्ठ, नियंत्रण कक्ष, पर्यवेक्षक व्यवस्था, कार्मिक कल्याण, विशेष योग्यजन के लिए व्यवस्थाएं, दूरसंचार, चिकित्सा सुविधा तथा कम्युनिकेशन प्लान सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में एडीएम उम्मेदी लाल मीना सहित सभी नोडल अधिकारी मौजूद रहें। 2 चरणों में होंगे चुनाव हनुमानगढ़ जिले में पंचायत चुनाव 2 चरणों (तीसरे और चौथे चरण) में होंगे। इनमें एक जिला परिषद, 10 पंचायत समितियां और 325 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। जिले की एक जिला परिषद के 37 सदस्यों, 10 पंचायत समितियों के 208 सदस्यों और 325 ग्राम पंचायतों में 3,385 वार्ड पंचों के भी चुनाव होंगे। इसके लिए जिले में 1,168 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नोहर में सर्वाधिक 207 और पल्लू में सबसे कम 79 मतदान केंद्र हैं। जिले की 325 ग्राम पंचायतों में कुल 11,17,709 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 5,80,503 पुरुष, 5,37,168 महिलाएं और 8 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव के लिए 73 संवेदनशील और 107 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं। जिले की 10 पंचायत समितियों को चुनाव व्यवस्था के लिए 112 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख और जिला परिषद सदस्य के लिए चुनाव पंचायत चुनाव के तहत जिले के 37 जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए नामांकन प्रक्रिया 19 अक्टूबर से शुरू होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को और नाम वापसी 26 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक होगी। इसी दिन नाम वापसी का समय समाप्त होने के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी।