हनुमानगढ़ के संगरिया और रावतसर पुलिस ने फरार चल रहे स्थायी वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संगरिया पुलिस ने चोरी के पुराने मामलों में फरार तीन आरोपियों को पकड़ा, जिनमें एक पर 5 हजार और दो पर 2-2 हजार रुपए का इनाम घोषित था। वहीं, रावतसर पुलिस ने चेक अनादरण के मामले में करीब तीन साल से फरार 5 हजार रुपए के इनामी स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में हनुमानगढ़ जिला पुलिस की एजीटीएफ टीम की भी विशेष भूमिका रही। 5 हजार के इनामी वारंटी को पकड़ा थाना प्रभारी अमर सिंह के नेतृत्व में सहायक एएसआई कालूराम मय टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर प्रकरण संख्या 466/2015, धारा 379 आईपीसी में फरार स्थायी वारंटी जफर हुसैन उर्फ जफर अली पुत्र वजीर खां, निवासी गुड़िया, हाल ढाबा स्टेशन, थाना संगरिया, को गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी पर जिला पुलिस हनुमानगढ़ की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। नहर किनारे से रोडी-सीमेंट मिक्सर चोरी पुलिस के अनुसार वर्ष 2015 में नहर किनारे रखा रोडी-सीमेंट मिक्सर अज्ञात व्यक्ति वाहन में डालकर चोरी कर ले गया था। मामले में आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया जा चुका था और न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। बाद में जमानत मिलने के बाद वह फरार चल रहा था। 2 हजार के इनामी दो स्थायी वारंटी गिरफ्तार दूसरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अमर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हरबंश लाल मय टीम ने प्रकरण संख्या 138/2020, धारा 457, 380 आईपीसी में फरार स्थायी वारंटी दुलीचंद पुत्र ठाकुरराम मेघवाल, उम्र 36 वर्ष और शंकरलाल पुत्र नारायणराम मेघवाल, उम्र 28 वर्ष, दोनों निवासी लीलावाली, थाना संगरिया, को गिरफ्तार किया। दोनों की गिरफ्तारी पर जिला पुलिस हनुमानगढ़ की ओर से 2-2 हजार रुपए का इनाम घोषित था। दुकान का ताला तोड़कर 35 किलो तार और 7 मोटर चुराई पुलिस के अनुसार वर्ष 2020 में लीलावाली निवासी संजय कुमार की दुकान का ताला तोड़कर करीब 35 किलो तांबे की तार, 7 मोटर और अन्य सामान चोरी किया गया था। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया गया था और उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। जमानत के बाद दोनों फरार चल रहे थे। चेक अनादरण में तीन साल से फरार था आरोपी एक अन्य कार्रवाई में रावतसर थाना प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में एएसआई सुखवीर सिंह मय टीम ने चेक अनादरण के मामले में करीब तीन साल से फरार स्थायी वारंटी विपिन सिंघला पुत्र मदनलाल, निवासी 5/845, वार्ड नंबर 21, संगरिया, को गिरफ्तार किया। आरोपी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। एजीटीएफ टीम ने भी संभाली कमान इन कार्रवाइयों में हनुमानगढ़ जिला पुलिस की एजीटीएफ टीम की भी विशेष भूमिका रही। पुलिस ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया।