हनुमानगढ़ की गोलूवाला पुलिस ने करीब 1 साल से फरार चल रहे 2 हजार रुपए के इनामी आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विशाल माणिक मोहिते उर्फ विशाल मराठा (31) के रूप में हुई है। वह माणिक शिवाजी मोहिते मराठा का बेटा है। विशाल महाराष्ट्र के सांगली जिले के माधवनगर का रहने वाला है। फिलहाल वह श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ की आदर्श कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस ने मानवीय और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी को पकड़ा। पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2025 को सुरांवाली निवासी प्रदीप सहारण ने गोलूवाला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे उनकी माता घर के अंदर गईं तो कमरों के गेट खुले मिले। अलमारी और संदूक भी खुले थे और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से करीब 22-25 तोला सोने के आभूषण, 750 ग्राम चांदी के आभूषण और 22 हजार रुपए नकद चोरी हो गए थे। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दो आरोपियों में न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका जांच के दौरान मुख्य आरोपी अनिल कुमार कसवां पुत्र दलिप कुमार कसवां निवासी गोलूवाला (हाल श्रीगंगानगर) और चोरी का सामान खरीदने वाले आकाश सोनी पुत्र राजकुमार सोनी निवासी सूरतगढ़ को गिरफ्तार किया गया था। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया था कि उन्होंने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण सुनार विशाल मराठा को बेचे थे। विशाल मराठा सूरतगढ़ का निवासी है। इसके बाद विशाल मराठा फरार हो गया और महाराष्ट्र के सांगली जिले में रहने लगा। उसकी तलाश में एजीटीएफ हनुमानगढ़ और गोलूवाला थाना पुलिस की टीमों ने महाराष्ट्र के कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार कोशिशों के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था। इस कार्रवाई में एएसआई राजेंद्र कुमार और कांस्टेबल लेखराम की भूमिका रही।