हनुमानगढ़ जिला पुलिस की ओर से नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत जंक्शन थाना पुलिस ने बुधवार तड़के कार्रवाई की। पुलिस ने दो आरोपियों को 7 किलो 545 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देश पर की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई और सीओ सिटी मीनाक्षी सहारण ने भी देखरेख की। जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां के नेतृत्व में उप निरीक्षक गजेंद्र शर्मा और उनकी टीम ने आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के भागलपुर जिले के दुधेला निवासी मनोज कुमार (30) पुत्र गाजो मंडल और बेकुण्ठपुर निवासी फंटूस कुमार (25) पुत्र अशोक मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 7 किलो 545 ग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। केस की जांच थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां कर रहे हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक गजेंद्र शर्मा, सहायक उप निरीक्षक पलटूदास, हेड कॉन्स्टेबल संदीप कूकना, कॉन्स्टेबल कृष्ण सिंह और अजायब सिंह शामिल थे।